वाराणसी। चेतगंज वार्ड के रामकटोरा इलाके में सीवर लाइन जाम होने से लोगों की परेशानी बढ़ गई है। गौतम होटल के सामने सीवर का पानी ओवरफ्लो होकर आसपास के मकानों में पहुंच रहा है। रविवार को अमित पांडेय के घर में दूषित पानी भरने से परिवार को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। इस दौरान परिवार के एक सदस्य की तबीयत भी खराब हो गई।
सफाई के बाद भी नहीं सुधरी स्थिति
स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क के नीचे बिछी सीवर पाइपलाइन काफी समय से जाम है। शिकायत के बाद शनिवार को जलकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची थी, लेकिन बिना समस्या का स्थायी समाधान किए लौट गई। इसके बाद करीब 24 घंटे बीतने के बावजूद सीवर ओवरफ्लो की समस्या बनी हुई है।
दूषित पानी घरों में पहुंचने से स्थानीय लोगों में संक्रमण और बीमारी का डर भी बना हुआ है। लोगों का आरोप है कि समय रहते सीवर की सफाई नहीं होने से समस्या लगातार गंभीर होती जा रही है।
सोमवार को मशीन से सफाई की उम्मीद
स्थानीय पार्षद श्रवण गुप्ता ने बताया कि जाम सीवर लाइन को साफ करने के लिए मशीन की जरूरत होगी। उन्होंने कहा कि रक्षाबंधन के साथ शनिवार और रविवार पड़ने के कारण सफाई का काम नहीं हो सका। सोमवार को जलकल विभाग की टीम बुलाकर मशीन से सीवर की सफाई कराने का प्रयास किया जाएगा।
स्थानीय लोगों ने जलकल विभाग से जल्द कार्रवाई कर सीवर लाइन को दुरुस्त कराने की मांग की है, ताकि घरों में गंदा पानी भरने की समस्या से राहत मिल सके।



















Leave a Reply