मेमो ट्रेन पर पथराव मामले में बड़ी कार्रवाई, चार गिरफ्तार और दो नाबालिग हिरासत में

वाराणसी। वाराणसी-प्रयागराज मेमो ट्रेन पर पथराव करने के मामले में जीआरपी ने छह आरोपियों को पकड़ा है। इनमें चार बालिग और दो नाबालिग बताए गए हैं। पुलिस ने चारों बालिग आरोपियों को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया, जबकि दोनों नाबालिगों को बाल सुधार गृह भेजा गया है।

अहिरमनपुर हॉल्ट के पास हुआ था पथराव

घटना शुक्रवार की बताई जा रही है। भदोही जिले के अहिरमनपुर हॉल्ट के पास कुछ युवकों ने वाराणसी-प्रयागराज मेमो ट्रेन को निशाना बनाकर पत्थर फेंके थे। शुरुआती जानकारी के मुताबिक यात्रियों के साथ विवाद के बाद युवकों ने ट्रेन पर पथराव शुरू किया।

घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद रेलवे पुलिस सक्रिय हुई। जीआरपी और आरपीएफ की टीम ने वीडियो को जांच का आधार बनाया और उसमें नजर आ रहे युवकों की पहचान शुरू की।

वीडियो से हुई आरोपियों की पहचान

जांच के दौरान पुलिस ने छह युवकों को चिन्हित किया और उन्हें पकड़ लिया। पूछताछ तथा अन्य जरूरी कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद चार बालिग आरोपियों को जेल भेज दिया गया। वहीं, नाबालिग आरोपियों को बाल सुधार गृह भेजा गया।

मामले की जानकारी रविवार को वाराणसी जीआरपी थाने में दी गई। अधिकारियों ने कहा कि रेलवे संपत्ति और यात्रियों की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। ट्रेनों पर पथराव जैसी घटनाओं को रोकने के लिए निगरानी भी बढ़ाई जा रही है।

वाराणसी ब्यूरो चीफ-अमर शर्मा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!