वाराणसी। चौबेपुर थाना क्षेत्र के शंकरपुर मढ़नी गांव के पास सोमवार सुबह हाईवे पर गोवंश लदे दो मैजिक वाहनों को ग्रामीणों ने रोक लिया। वाहनों में गोवंश मिलने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी, जबकि चालक मौके से फरार हो गए।
ग्रामीणों के मुताबिक, दोनों मैजिक वाहनों से गोवंश को चंदौली की ओर ले जाया जा रहा था। संदेह होने पर ग्रामीणों ने वाहनों को रोककर पुलिस को सूचना दी। डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची तो दोनों वाहनों में एक-एक गोवंश मिला। हालांकि, पुलिस के पहुंचने से पहले ही दोनों चालक मौके से निकल गए।
सूचना मिलने के बाद स्थानीय पुलिस टीम भी मौके पर पहुंची और दोनों मैजिक वाहनों तथा गोवंश को कब्जे में लेकर चिरईगांव चौकी पहुंचाया। पुलिस अब फरार चालकों की तलाश में जुटी है।
सीसीटीवी फुटेज से सुराग तलाश रही पुलिस
एसीपी सारनाथ विनय द्विवेदी ने बताया कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ स्थानीय लोगों से भी पूछताछ कर रही है, ताकि फरार चालकों की पहचान की जा सके।
फिलहाल दोनों बरामद गोवंश को चिरईगांव चौकी पर सुरक्षित रखा गया है। पुलिस वाहनों के स्वामित्व और गोवंश को ले जाने से जुड़े दस्तावेजों की भी जांच कर रही है।



















Leave a Reply