वाराणसी। लालपुर-पांडेयपुर थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात हुई फायरिंग में आदर्श गुप्ता नामक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है। मामले में पुलिस ने उसके साथी हिमांशु सिंह की तहरीर पर लव और कुश नामक दो युवकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
मढ़वा, लमही निवासी हिमांशु सिंह ने पुलिस को बताया कि वह चांदमारी निवासी निर्भय सिंह और पिंडरा निवासी आदर्श गुप्ता के साथ चांदमारी से हरी सेलेब्रेटर की ओर जा रहा था। लालपुर चौकी से करीब 400 मीटर दूर बाइक सवार हमलावर पहुंचे और उन पर गोली चला दी। हिमांशु के मुताबिक, हमलावरों ने चेहरे पर गमछा बांध रखा था। फायरिंग में आदर्श को गोली लगी।
शिकायतकर्ता ने तहरीर में पुरानी रंजिश का जिक्र करते हुए लव और कुश की संलिप्तता की आशंका जताई है। उसने दोनों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस जांच में हमलावरों की पहचान और घटना की वजह स्पष्ट हो सकेगी।
तहरीर के आधार पर लालपुर-पांडेयपुर थाने में भारतीय न्याय संहिता की धारा 109(1) के तहत प्राथमिकी संख्या 0362/2026 दर्ज की गई है। मामले की विवेचना उपनिरीक्षक श्याम नारायण यादव को सौंपी गई है। पुलिस घटनाक्रम और शिकायत में लगाए गए आरोपों की जांच कर रही है।



















Leave a Reply