चंदौली। बबुरी बस स्टैंड पर गुरुवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब वन विभाग द्वारा पेड़ कटाई का कार्य चल रहा था। इसी दौरान अचानक पास का बिजली पोल टूटकर गिर गया और उसकी चपेट में आकर श्यामलाल (65 वर्ष) की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद हड़कंप
हादसे के बाद वहां मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्र होकर हंगामा करने लगे। सूचना मिलते ही जमालपुर थाना प्रभारी अमित कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने आक्रोशित ग्रामीणों को समझा-बुझाकर शांत कराया और आश्वासन दिया कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
परिजनों का दर्द
मृतक श्यामलाल मेहनत-मजदूरी करके परिवार का पालन-पोषण करते थे। वे टाली चलाकर गुजर-बसर कर रहे थे। परिवार के लिए उनका सहारा ही सबकुछ था। परिजनों का कहना है कि पहले ही उनका एक बेटा गुजर चुका है और अब इस हादसे ने परिवार को पूरी तरह तोड़ दिया है।
बेटे इंदल ने रोते हुए कहा –
“पिता ही परिवार का सहारा थे, उनकी असमय मौत से घर पर संकट का पहाड़ टूट पड़ा है।”
ग्रामीणों का आरोप
स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि पेड़ कटाई के दौरान विभागीय कर्मियों और बिजली विभाग की ओर से सुरक्षा इंतज़ाम नहीं किए गए। अगर पहले से सावधानी बरती जाती तो यह हादसा टल सकता था।
राजन सिंह संवाददाता









