चंदौली। पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय बैराठ में गुरुवार को 27वीं युवा संसद का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि सैयदराजा विधायक सुशील सिंह रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि सेवड़ी हुदहुदीपुर के प्रधान आशुतोष कुमार सिंह और बनवारी पांडे उपस्थित रहे। विद्यालय परिवार की ओर से अतिथियों का स्वागत पारंपरिक शॉल, टीका, बुके और बैज लगाकर किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ
कार्यक्रम की शुरुआत सरस्वती वंदना से हुई। प्राचार्य संजय मिश्र ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन छात्रों में सामाजिक जिम्मेदारी और लोकतांत्रिक समझ विकसित करते हैं। उन्होंने कहा कि हमारे छात्र संसदीय कार्यप्रणाली को प्रत्यक्ष रूप से कभी नहीं देख पाए, लेकिन किताबों और वीडियो के माध्यम से जो सीखा है, उसे आज सजीव रूप में प्रस्तुत करेंगे।
संसद सत्र का संचालन
युवा संसद की कार्यवाही स्पीकर रुद्री पांडेय की अध्यक्षता में प्रारंभ हुई। इसमें 55 छात्र-छात्राओं ने विभिन्न भूमिकाएँ निभाईं। अंश गोयल प्रधानमंत्री, अनाहिता भट्टाचार्य रक्षा मंत्री, उदिता यादव गृह मंत्री, दृष्टि गुप्ता महासचिव और आद्रिका कुमारी वित्त मंत्री बनीं। विपक्ष की भूमिका रानी और रिया पटेल ने निभाई।
संसदीय सत्र के दौरान विपक्ष ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ पर सत्ता पक्ष को कठघरे में खड़ा किया, जबकि सत्ता पक्ष ने आंकड़ों सहित जवाब दिए। महिला सुरक्षा, पेपर लीक और पर्यावरण संरक्षण जैसे अहम मुद्दों पर गहन बहस हुई। छात्र सांसदों ने महिलाओं की शिक्षा और आर्थिक स्वतंत्रता पर जोर दिया तथा उनकी सुरक्षा के लिए सख्त कानून और जागरूकता की आवश्यकता बताई। पर्यावरण पर हुई चर्चा में प्लास्टिक उपयोग में कमी, वृक्षारोपण और जल संरक्षण जैसे ठोस सुझाव सामने आए।
मुख्य अतिथि का संबोधन
कार्यवाही के उपरांत विधायक सुशील सिंह ने छात्रों की प्रस्तुति की सराहना की। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन से बच्चों को वास्तविक लोकतंत्र की समझ विकसित होती है। उन्होंने अपने सार्वजनिक जीवन के अनुभव साझा करते हुए युवाओं को माता-पिता और देश की सेवा का संदेश दिया।
धन्यवाद ज्ञापन
उपप्राचार्य शुभेंदु भट्टाचार्य ने मुख्य अतिथि, विशिष्ट अतिथियों और सभी शिक्षकों-छात्रों का धन्यवाद किया। उन्होंने कार्यक्रम प्रभारी अरुण कुमार मिश्र, संयोजक के.सी. चौबे और भूगोल प्रवक्ता को विशेष धन्यवाद दिया। कार्यक्रम का संचालन चिन्मय मिश्र ने किया।
विशेष संवाददाता- गनपत राय













