चंदौली। देश में लगातार बढ़ती बेरोजगारी, महंगाई और भ्रष्टाचार को देखते हुए कांग्रेस पार्टी संगठन को मजबूत बनाने की दिशा में सक्रिय हो गई है। इसी क्रम में चंदौली जनपद की मुगलसराय विधानसभा (380) में युवा कांग्रेस की नई कमेटी का गठन किया गया। इस टीम में शैलेश सिंह यादव को विधानसभा अध्यक्ष और अशोक कुमार को उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है।
शैलेश सिंह यादव का बयान
नवनियुक्त अध्यक्ष शैलेश सिंह यादव ने पदभार ग्रहण करने के बाद कहा कि “केंद्र और प्रदेश की भाजपा सरकार किसानों, गरीबों और बेरोजगारों की समस्याओं की अनदेखी कर रही है। सरकार की नीतियाँ पूरी तरह जनविरोधी हैं, जिसका जवाब जनता बहुत जल्द देगी। कांग्रेस पार्टी एक बार फिर पूर्ण बहुमत से सरकार बनाएगी।”
नई टीम में अन्य पदाधिकारी
इस नवगठित टीम में उपाध्यक्ष के रूप में प्रवीण मिश्रा, अवधेश बियार और अजय यादव को शामिल किया गया है। वहीं दीपक और सेवा लाल को सचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई है। सभी पदाधिकारियों ने कांग्रेस की विचारधारा को जन-जन तक पहुँचाने और संगठन को मजबूत करने का संकल्प लिया।
संगठन को नई ऊर्जा की उम्मीद
स्थानीय कांग्रेस नेताओं का कहना है कि युवा कांग्रेस की यह नई टीम जिले में संगठन को नई दिशा और ऊर्जा देगी। ग्रामीण इलाकों से लेकर नगर स्तर तक सक्रियता बढ़ेगी और युवाओं को पार्टी से जोड़ने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
विशेष संवाददाता- गनपत राय









