चंदौली। मां खण्डवारी ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशन, चहनियां के चेयरमैन डॉ. राजेंद्र प्रताप सिंह ने देव संस्कृति विश्वविद्यालय, हरिद्वार के प्रति कुलपति डॉ. चिन्मय पंड्या से मुलाकात की। इस अवसर पर गायत्री परिवार और उनके आदर्शों को बढ़ावा देने पर विस्तृत चर्चा हुई। प्रति कुलपति डॉ. पंड्या ने चेयरमैन डॉ. राजेंद्र प्रताप सिंह को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित भी किया।
20 देशों से जुटेंगे विशेषज्ञ
बैठक में अध्यात्मवाद और विज्ञान के समन्वय पर गहन विचार-विमर्श हुआ। दोनों शिक्षाविदों ने कहा कि आज के समय में छात्रों को केवल परंपरागत शिक्षा ही नहीं, बल्कि रोजगारपरक शिक्षा भी प्रदान की जानी चाहिए ताकि वे आत्मनिर्भर बन सकें।
डॉ. पंड्या ने जानकारी दी कि आगामी 16 सितंबर को देव संस्कृति विश्वविद्यालय, हरिद्वार में अंतर्राष्ट्रीय सेमिनार आयोजित किया जाएगा, जिसमें विश्व के 20 देशों के प्रतिनिधि शामिल होंगे। यह सेमिनार पूरी तरह से आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) विषय पर आधारित होगा।
क्षेत्र के लिए गौरव की बात
डॉ. पंड्या ने इस अवसर पर चेयरमैन डॉ. राजेंद्र प्रताप सिंह को इस सेमिनार में आमंत्रित किया। इस मुलाकात के दौरान डॉ. सिंह के साथ डॉ. जय प्रकाश दुबे और अवधेश मिश्रा भी मौजूद रहे। स्थानीय शिक्षाविदों ने इस पहल को क्षेत्र के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया और विश्वास जताया कि ऐसे कार्यक्रम छात्रों को नई दिशा देंगे।









