चंदौली। राजकीय महिला महाविद्यालय सैयदराजा में गुरुवार को मिशन शक्ति के पांचवें चरण के अंतर्गत एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. सुनील कुमार ने की। इस अवसर पर रानी लक्ष्मीबाई रेंजर्स दल की छात्राओं ने “नारी शिक्षा एवं स्वावलंबन” विषय पर अत्यंत प्रेरणादायक नाटक प्रस्तुत किया, जिसे उपस्थित सभी लोगों ने सराहा।
नाटक के माध्यम से छात्राओं स्वर्णलता पांडेय, अन्नपूर्णा पांडेय, अर्चना मौर्या, अंतिम यादव एवं नेहा कुमारी ने महिलाओं की शिक्षा, आत्मनिर्भरता और सामाजिक सशक्तिकरण के महत्व को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। छात्राओं ने दिखाया कि जब महिलाएं शिक्षित होती हैं, तो वे न केवल अपने अधिकारों के प्रति जागरूक बनती हैं बल्कि समाज में सकारात्मक बदलाव की प्रेरणा भी देती हैं।
कार्यक्रम की मुख्य वक्ता एवं मिशन शक्ति प्रभारी डॉ. श्रद्धा मिश्रा ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि
“महिलाओं एवं छात्राओं को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक होना अत्यंत आवश्यक है। जब महिलाएं शिक्षित और आत्मनिर्भर बनेंगी, तभी वे समाज में अपनी सक्रिय भूमिका निभा सकेंगी।” उन्होंने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा और सशक्तिकरण के लिए सरकार द्वारा चलाए जा रहे विभिन्न योजनाओं और कानूनों की जानकारी हर युवती को होनी चाहिए, ताकि वे अपने जीवन में आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ सकें।
डॉ. मिश्रा ने शिक्षा को महिला सशक्तिकरण की आधारशिला बताया। उन्होंने कहा कि शिक्षा ही वह साधन है जो महिलाओं को सामाजिक, आर्थिक और वैचारिक रूप से सशक्त बनाती है। इसके साथ उन्होंने छात्राओं को आत्मरक्षा, आर्थिक स्वतंत्रता और सामाजिक भागीदारी के महत्व पर भी प्रकाश डाला।
कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राध्यापक डॉ. रवि प्रकाश, डॉ. हेमंत कुमार निराला, डॉ. अजय कुमार सोनकर, डॉ. अभय राज यादव, डॉ. अवनीश कुमार सिंह, डॉ. सर्वेश तिवारी, डॉ. रितेश कुमार सिंह, डॉ. नीरज सिंह, डॉ. ऋतेष गौरव, संकट मोचन झा एवं अमित कुमार उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में प्राचार्य प्रो. सुनील कुमार ने छात्राओं के प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन न केवल शैक्षणिक विकास में सहायक होते हैं, बल्कि छात्राओं में आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता का विकास भी करते हैं।
कार्यक्रम में छात्राओं की सक्रिय भागीदारी और जागरूकता को देखकर महाविद्यालय का माहौल उत्साह और प्रेरणा से भर गया।













