वाराणसी। थाना क्षेत्र में एक सड़क दुर्घटना के बाद तनावपूर्ण माहौल बन गया, जब गाड़ी टकराने की घटना मारपीट और चेन छीने जाने तक पहुंच गई। गौरा उपरावर निवासी सत्यम त्रिपाठी ने पुलिस से शिकायत कर बताया कि वह मंगलवार सुबह अपनी मां और पत्नी के साथ दवा लेने शहर की ओर जा रहे थे। बहादुरपुर के पास उनकी कार के सामने एक मोटरसाइकिल अचानक आ गई और दोनों वाहनों में टक्कर हो गई।
शिकायतकर्ता के अनुसार, मोटरसाइकिल चला रहा युवक—जिसके पास बल्टा भी था—ने कार को साइड से टक्कर मारने के बाद पहले तो बहस की, और फिर मोबाइल से फोन कर अपने परिचितों को बुला लिया। थोड़ी ही देर में बहादुरपुर निवासी चंदन यादव भी मौके पर पहुंच गया।
त्रिपाठी का आरोप है कि दोनों ने मौके पर पहुंचते ही न सिर्फ गाली-गलौज शुरू कर दी, बल्कि उनकी मां और पत्नी के साथ भी धक्का-मुक्की करते हुए मारपीट की। आरोप यह भी है कि हमलावरों ने झड़प के दौरान त्रिपाठी के गले से सोने की चेन खींचकर अपने पास रख ली और वहां से निकल गए।
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस हरकत में आई। चौबेपुर थाना प्रभारी अजीत कुमार वर्मा ने प्रकरण में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है।








