वाराणसी। मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के डोमैला गांव में जमीन कब्जाने और 10 लाख रुपये की रंगदारी मांगने का गंभीर मामला सामने आया है। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर दो लोगों के खिलाफ आपराधिक धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। घटना के बाद से गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है और पीड़ित परिवार डर के कारण घर छोड़ने को मजबूर है।
डोमैला गांव निवासी सतीश चंद्र शुक्ला ने डीसीपी गोमती जोन को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि गांव के ही ताराशंकर शुक्ला और ठठरा गांव निवासी श्याम बहादुर दुबे ने उनकी गाटा संख्या 1081 की जमीन पर जबरन कब्जा कर लिया है। आरोप है कि जब उन्होंने जमीन खाली करने की बात कही तो दोनों आरोपियों ने उन्हें लगातार जान से मारने की धमकी देनी शुरू कर दी और 10 लाख रुपये की रंगदारी की मांग की।
पीड़ित ने बताया कि आरोपियों की लगातार धमकियों और दबाव के कारण वह परिवार सहित अपना घर छोड़कर रिश्तेदारों के यहां रहने को मजबूर हो गए हैं। उनका कहना है कि आरोपी गांव में उनके बारे में पूछताछ करते रहते हैं, जिससे उनका डर और बढ़ जाता है। पीड़ित का दावा है कि आरोपी जमीन खाली करने के बजाय और अधिक दबाव बनाने की कोशिश कर रहे हैं।
मामले को गंभीरता से लेते हुए डीसीपी गोमती जोन के निर्देश पर मिर्जामुराद पुलिस ने रविवार को दोनों आरोपियों के खिलाफ धारा 351(2) (आपराधिक अभित्रास) और धारा 308(3) (रंगदारी) के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है।
थाना प्रभारी प्रमोद कुमार पांडेय ने बताया कि पुलिस पूरे प्रकरण की जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का कहना है कि ग्रामीण विवाद को लेकर मामला काफी समय से चला आ रहा था, लेकिन पीड़ित के घर छोड़ने और धमकी बढ़ने के बाद इसे गंभीर अपराध की श्रेणी में लिया गया है।









