लखनऊ। उत्तर प्रदेश भाजपा को नया प्रदेश अध्यक्ष मिल गया है। शनिवार को केंद्रीय पर्यवेक्षकों ने औपचारिक रूप से पंकज चौधरी के नाम की घोषणा कर दी। चूंकि प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए उन्होंने ही एकमात्र नामांकन दाखिल किया था, इसलिए उनके निर्विरोध चुने जाने की स्थिति पहले से ही स्पष्ट थी। घोषणा लखनऊ स्थित राम मनोहर लोहिया विश्वविद्यालय परिसर के सभागार में की गई।
कार्यक्रम में केंद्रीय चुनाव पर्यवेक्षक एवं भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री विनोद तावड़े, प्रदेश अध्यक्ष निर्वाचन के केंद्रीय प्रभारी व केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल, प्रदेश चुनाव अधिकारी व पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. महेंद्र नाथ पांडेय सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। सभी की मौजूदगी में पंकज चौधरी को प्रदेश अध्यक्ष चुने जाने की औपचारिक घोषणा की गई।
पंकज चौधरी उत्तर प्रदेश भाजपा के 17वें प्रदेश अध्यक्ष बने हैं। वे कुर्मी बिरादरी से आने वाले चौथे नेता हैं जिन्हें यह दायित्व सौंपा गया है। इससे पहले विनय कटियार, ओम प्रकाश सिंह और स्वतंत्रदेव सिंह इस बिरादरी से प्रदेश अध्यक्ष रह चुके हैं।
भाजपा नेतृत्व को उम्मीद है कि पंकज चौधरी के नेतृत्व में संगठन को मजबूती मिलेगी और आगामी राजनीतिक चुनौतियों में पार्टी और अधिक प्रभावी भूमिका निभाएगी।









