वाराणसी। शहर में यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने और सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से चेतगंज थाना क्षेत्र में पुलिस ने विशेष सघन अभियान चलाया। इस अभियान का नेतृत्व एसीपी चेतगंज डॉ. ईशान सोनी एवं प्रभारी निरीक्षक चेतगंज विजय कुमार शुक्ला ने किया। अभियान के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई।
पुलिस टीम ने थाना क्षेत्र के प्रमुख चौराहों, बाजार क्षेत्रों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर वाहन चेकिंग की। इस दौरान बिना नंबर प्लेट, कटी-फटी या गलत नंबर प्लेट लगाए वाहनों, साथ ही गलत दिशा में चल रहे वाहन चालकों को चिन्हित कर उनके खिलाफ कार्रवाई की गई। अभियान में दर्जनों वाहन चालकों का चालान किया गया, जबकि नियमों का गंभीर उल्लंघन पाए जाने पर करीब आधा दर्जन वाहनों को सीज भी किया गया।
अभियान के साथ-साथ पुलिस बल ने क्षेत्र में पैदल गश्त भी की, जिससे आमजन में सुरक्षा की भावना बनी रहे। इसके अतिरिक्त सड़कों पर अवैध रूप से किए गए अतिक्रमण को हटाने के लिए सघन अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। पुलिस का उद्देश्य था कि सड़कों से अवरोध हटाकर यातायात को सुचारू बनाया जाए और राहगीरों व वाहन चालकों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
एसीपी चेतगंज डॉ. ईशान सोनी ने बताया कि इस तरह के विशेष अभियान आगे भी नियमित रूप से चलाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि बिना नंबर प्लेट या गलत नंबर प्लेट वाले वाहन न केवल कानून का उल्लंघन हैं, बल्कि अपराध और दुर्घटनाओं की आशंका भी बढ़ाते हैं। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे अपने वाहनों का पंजीकरण सही ढंग से कराएं और यातायात नियमों का पालन करें।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि ऐसे अभियानों से नियमों की अनदेखी करने वालों पर अंकुश लगेगा और शहर में सुरक्षित व व्यवस्थित यातायात व्यवस्था कायम करने में मदद मिलेगी। आम लोगों ने भी पुलिस की इस कार्रवाई को सराहा और कहा कि इससे सड़क पर चलना अधिक सुरक्षित होगा।









