वाराणसी। चौबेपुर थाना क्षेत्र के गौरा बाजार के पास मंगलवार रात एक दर्दनाक हादसे ने शादी की खुशियों को मातम में बदल दिया। बारात के दौरान अनियंत्रित ट्रैक्टर-ट्रॉली बैंड बाजा दल में घुस गई, जिससे एक 12 वर्षीय नाबालिग गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद गुस्साए लोगों ने ट्रैक्टर चालक की जमकर पिटाई कर दी, जिसमें वह भी गंभीर रूप से घायल हो गया।
मिली जानकारी के अनुसार, बारात द्वार पूजा के लिए जा रही थी। इसी दौरान अचानक ट्रैक्टर का संतुलन बिगड़ गया और उसने जयरामपुर निवासी शाहिद (पुत्र गुलाब) को रौंद दिया। शाहिद बैंड बाजा दल में शामिल था और हादसे में बुरी तरह घायल हो गया।
घटना के तुरंत बाद मौके पर मौजूद लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। भीड़ ने ट्रैक्टर चालक को पकड़ लिया और उसकी पिटाई कर दी, जिससे वह भी गंभीर रूप से जख्मी हो गया। इस दौरान गांव के ही सलाम (पुत्र अनिल) को भी हल्की चोटें आईं।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को काबू में किया। गंभीर रूप से घायल शाहिद को तुरंत एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। वहीं, चालक को भी इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है।
मामले में पुलिस जांच जारी है। हालांकि, जब इस संबंध में चौबेपुर थाना प्रभारी वीरेंद्र कुमार सोनकर से संपर्क करने की कोशिश की गई, तो उनसे बात नहीं हो सकी।









