आजमगढ़। एक धार्मिक यात्रा से लौट रहे परिवार के लिए घर वापसी का सफर आखिरी साबित हुआ। आजमगढ़-वाराणसी राष्ट्रीय राजमार्ग पर शुक्रवार देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में झारखंड के चार लोगों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
यह दर्दनाक दुर्घटना देवगांव कोतवाली क्षेत्र के कंजहित बाजार के दक्षिणी छोर स्थित बरडीहा-चंदवक मोड़ के पास हुई। बताया जा रहा है कि झारखंड के पलामू जिले के डाल्टनगंज निवासी पांच लोग अंबेडकरनगर स्थित एक दरगाह से लौट रहे थे। इसी दौरान उनकी अर्टिगा कार सामने से आ रहे ट्रेलर से टकरा गई।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार पूरी तरह चकनाचूर हो गई। आसपास के लोग धमाके जैसी आवाज सुनकर मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। कार में फंसे लोगों को बाहर निकालने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी।
हादसे में हाफिज अब्दुल रज्जाक (53), मोहम्मद कैश (53), सोहराब साइन (58) और अंशबाज खान (22) की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि अजमल गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को लालगंज स्थित संयुक्त चिकित्सालय पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने चार लोगों को मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही मृतकों के परिजनों में कोहराम मच गया।
प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और सड़क की संकरी स्थिति को हादसे का कारण माना जा रहा है। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।
इस हादसे ने एक बार फिर राष्ट्रीय राजमार्गों पर तेज रफ्तार के खतरे को उजागर कर दिया है। कुछ ही सेकंड में पांच लोगों का परिवार उजड़ गया और एक खुशहाल यात्रा मातम में बदल गई।













