सारंगढ़। जनगणना-2027 के प्रथम चरण के अंतर्गत जिले में चल रहे मकान सूचीकरण एवं गणना कार्य के बीच सारंगढ़ सर्किल 056 की टीम ने उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। सर्किल के सुपरवाइजर विपिन महिलाने एवं उनकी टीम के पांच प्रगणकों ने अपने निर्धारित क्षेत्र का जनगणना कार्य सफलतापूर्वक पूर्ण कर लिया है।
जनगणना कार्य को समयबद्ध और व्यवस्थित तरीके से पूरा करने में टीम के सभी सदस्यों ने सक्रिय भूमिका निभाई। टीम में श्रीमती कमला निराला, रोहित कुमार लक्ष्में, श्रीमती सविता कुजूर, सुभाष चंद्र मेहर एवं अशोक कुमार बिंझवार शामिल रहे। सभी प्रगणकों ने घर-घर पहुंचकर निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार सर्वेक्षण कार्य को अंजाम दिया।
जनगणना अधिकारी एवं तहसीलदार सारंगढ़ ने टीम के कार्य की सराहना करते हुए सभी सदस्यों को बधाई दी। अधिकारियों ने कहा कि जनगणना जैसा महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य जिम्मेदारी, धैर्य और समर्पण की मांग करता है, जिसे टीम ने पूरी निष्ठा के साथ निभाया है।
उन्होंने कहा कि समय सीमा के भीतर कार्य पूर्ण करना अन्य प्रगणक दलों के लिए भी प्रेरणादायक है। प्रशासन ने उम्मीद जताई कि जिले की अन्य टीमें भी इसी प्रकार तत्परता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करेंगी।
गौरतलब है कि जिले में जनगणना-2027 के प्रथम चरण के अंतर्गत मकान सूचीकरण एवं गणना कार्य लगातार जारी है। इसके लिए प्रशासन द्वारा नियमित मॉनिटरिंग की जा रही है ताकि सर्वेक्षण कार्य निर्धारित समय पर सफलतापूर्वक पूरा किया जा सके।









