चंदौली। मुगलसराय में अतिक्रमण हटाओ अभियान के बाद निकला मलबा अब लोगों के लिए नई परेशानी बन गया है। सड़क किनारे और नालियों में जमा मलबे के कारण कई इलाकों में जल निकासी पूरी तरह ठप हो गई, जिससे नालियां जाम हो गईं और गंदा पानी सड़कों पर फैल गया।
हालात ऐसे बन गए कि कई जगहों पर राहगीरों को गंदे पानी से होकर गुजरना पड़ा। दुर्गंध फैलने से आसपास के लोगों का जीना मुश्किल हो गया है, वहीं संक्रमण फैलने का खतरा भी बढ़ गया है। स्थानीय लोगों ने बताया कि अतिक्रमण हटाने के दौरान मलबा सीधे नालियों में डाल दिया गया, जिससे यह स्थिति पैदा हुई।
लगातार शिकायतों के बाद नगर पालिका प्रशासन हरकत में आया। नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी राजीव मोहन सक्सैना ने मामले का संज्ञान लेते हुए तुरंत सफाई अभियान चलाने के निर्देश दिए।
इसके बाद नगर पालिका की टीम मौके पर पहुंची और नालियों व सड़कों में जमा मलबे को हटाने का काम शुरू किया गया। अधिकारियों के अनुसार, भारी मात्रा में मलबा गिरने से जल निकासी बाधित हुई थी, जिसे अब तेजी से साफ कराया जा रहा है।
प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि जल्द ही स्थिति सामान्य कर दी जाएगी और आगे से ऐसी समस्या न हो, इसके लिए विशेष निगरानी रखी जाएगी।









