, ,

बाबा कीनाराम जन्मोत्सव को लेकर डीएम और एसपी ने किया निरीक्षण, दिए आवश्यक निर्देश

चंदौली। चहनियां क्षेत्र के रामगढ़ स्थित अघोराचार्य बाबा कीनाराम मठ में आयोजित होने वाले 426वें जन्मोत्सव समारोह की तैयारियों का जिलाधिकारी सी.एम. गर्ग और पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे ने गुरुवार को मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया। अधिकारियों ने मेला स्थल, मठ परिसर और आसपास की व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

तैयारियों का लिया जायजा

निरीक्षण के दौरान डीएम और एसपी ने मठ परिसर व मेले के मुख्य मार्गों का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने –

  • पार्किंग स्थल की व्यवस्था और खोया-पाया केंद्र की स्थिति देखी।
  • बिजली विभाग को खुले तार बदलने और विद्युत आपूर्ति दुरुस्त करने का निर्देश दिया।
  • जल निगम अधिकारियों को जगह-जगह पानी की व्यवस्था करने के लिए कहा।
  • प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र द्वारा लगाए जाने वाले चिकित्सा शिविर का निरीक्षण किया।
  • मठ परिसर और आसपास के इलाकों की सफाई व्यवस्था पर विशेष जोर दिया।
  • भोजनालय स्थल और झूला-चरखी संचालकों को भी जरूरी हिदायतें दी गईं।
  • साथ ही, बाबा कीनाराम द्वारा निर्मित प्राचीन कुएं को सुरक्षा की दृष्टि से चारों ओर से घेरने का निर्देश दिया।

डीएम ने दिए सख्त निर्देश

जिलाधिकारी सी.एम. गर्ग ने कहा कि श्रद्धालुओं की बड़ी संख्या को देखते हुए सभी विभाग समय रहते अपनी-अपनी तैयारियां पूरी कर लें। उन्होंने मातहतों को निर्देश दिया कि

“किसी भी व्यवस्था में कमी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। श्रद्धालुओं से प्रेम और सम्मानपूर्वक व्यवहार किया जाए। यदि निरीक्षण के दौरान कोई लापरवाही पाई गई तो जिम्मेदार कर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।”

मौके पर रहे अधिकारी

निरीक्षण के दौरान एसडीएम कुंदन राज कपूर, क्षेत्राधिकारी सकलडीहा, धनंजय सिंह, मठ व्यवस्थापक मेजर अशोक सिंह, अरुण सिंह, बिपिन सिंह सहित कई प्रशासनिक अधिकारी और मठ प्रबंधन से जुड़े लोग मौजूद रहे।

विशेष संवाददाता- गनपत राय

Ruchi Chaubey Avatar

Written by

Follow us

error: Content is protected !!