वाराणसी। जिलाधिकारी सत्येन्द्र कुमार ने सोमवार को कलेक्ट्रेट स्थित जनता दर्शन में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए फरियादियों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को शिकायतों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जनता दर्शन के दौरान जिलाधिकारी ने स्वयं लोगों से प्रार्थना पत्र प्राप्त किए और कई मामलों में संबंधित अधिकारियों से दूरभाष पर बात कर तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक शिकायत का निष्पक्ष, पारदर्शी और संतोषजनक समाधान होना चाहिए, ताकि लोगों को बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
डीएम ने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही या गलत रिपोर्ट प्रस्तुत करने वाले अधिकारियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि जनसमस्याओं के समाधान में संवेदनशीलता और जवाबदेही दोनों आवश्यक हैं।
उन्होंने सभी विभागाध्यक्षों को निर्देशित किया कि प्रतिदिन सुबह 10 बजे से 12 बजे तक अपने कार्यालय में अनिवार्य रूप से जनसुनवाई करें और गंभीर मामलों में स्वयं मौके पर पहुंचकर समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करें।
जिलाधिकारी ने आईजीआरएस पोर्टल पर लंबित शिकायतों की नियमित समीक्षा करने तथा शिकायतकर्ताओं से सीधे संवाद कर समयबद्ध निस्तारण कराने के भी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आमजन को समय पर न्याय और बेहतर प्रशासनिक सेवाएं उपलब्ध कराना शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।









