अयोध्या। उत्तर प्रदेश एसटीएफ को बड़ी सफलता मिली है। अयोध्या जनपद के कोतवाली नगर थाने में दर्ज गैंगस्टर एक्ट के मामले में पिछले पांच वर्षों से फरार चल रहे 50 हजार रुपये के इनामी अभियुक्त आदिल अंसारी को एसटीएफ ने मुंबई से गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार अभियुक्त आदिल अंसारी पुत्र नसरुल्ला अंसारी मूल रूप से अयोध्या के कोतवाली नगर क्षेत्र का निवासी है। एसटीएफ के अनुसार आरोपी लंबे समय से नाम और पता बदलकर मुंबई के घाटकोपर इलाके में छिपकर रह रहा था। पुख्ता सूचना मिलने के बाद एसटीएफ की टीम ने कार्रवाई करते हुए उसे घाटकोपर से दबोच लिया।
एसटीएफ अधिकारियों ने बताया कि आदिल अंसारी के खिलाफ अयोध्या के कोतवाली नगर थाने में गैंगस्टर एक्ट समेत कई गंभीर मुकदमे दर्ज हैं। पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि वर्ष 2020 में वह एक ऐसे गिरोह के संपर्क में आया था, जो सुनसान इलाकों में महिलाओं से चेन और मंगलसूत्र छीनने जैसी वारदातों को अंजाम देता था।
लगातार पुलिस दबिश और गिरफ्तारी के डर से वह अयोध्या छोड़कर मुंबई भाग गया था, जहां फर्जी पहचान के सहारे रह रहा था। एसटीएफ ने आरोपी को मुंबई की अदालत में पेश कर ट्रांजिट रिमांड पर अयोध्या लाया और स्थानीय पुलिस के हवाले कर दिया।
फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर उसके गिरोह और अन्य साथियों के संबंध में जानकारी जुटा रही है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।









