लखनऊ। उत्तर प्रदेश एसटीएफ ने गैंगस्टर एक्ट के मुकदमे में लंबे समय से वांछित चल रहे 50 हजार रुपये के इनामी आरोपी प्रमोद कुमार को कैसरबाग क्षेत्र से गिरफ्तार किया है। एसटीएफ ने उसे ग्लोब पार्क के पास से दबोचा। आरोपी के खिलाफ आजमगढ़ के कोतवाली थाने में गैंगस्टर एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज है।
एसटीएफ के मुताबिक, शुक्रवार को पुलिस उपाधीक्षक धर्मेश कुमार शाही के नेतृत्व में टीम पुरस्कार घोषित और वांछित अपराधियों की तलाश में जुटी थी। इसी दौरान सूचना मिली कि आजमगढ़ में दर्ज गैंगस्टर एक्ट के मामले में फरार चल रहा प्रमोद कुमार किसी व्यक्ति से मिलने के लिए कैसरबाग स्थित ग्लोब पार्क के पास आने वाला है।
सूचना के आधार पर एसटीएफ ने स्थानीय पुलिस को जानकारी दी और बताए गए स्थान पर घेराबंदी की। मुखबिर की निशानदेही पर टीम ने आरोपी को पकड़ लिया।
जेल जाने से बचने के लिए लखनऊ में छिपा था
गिरफ्तार आरोपी की पहचान प्रमोद कुमार पुत्र जयकरण उर्फ सहदेव, निवासी पुसड़ाआईमा, थाना कोतवाली, आजमगढ़ के रूप में हुई है। पूछताछ में उसने एसटीएफ को बताया कि गैंगस्टर एक्ट का मुकदमा दर्ज होने के बाद गिरफ्तारी से बचने के लिए वह लखनऊ में छिपकर रह रहा था। वह अपने दोस्त से मिलने ग्लोब पार्क के पास पहुंचा था, तभी पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
12 मुकदमों का रिकॉर्ड
एसटीएफ के अनुसार प्रमोद कुमार के खिलाफ आजमगढ़ के अलग-अलग थानों में चोरी, धोखाधड़ी, जालसाजी, आर्म्स एक्ट और गैंगस्टर एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में कुल 12 मुकदमे दर्ज होने का उल्लेख है।
पुलिस अब आरोपी के आपराधिक रिकॉर्ड और गैंगस्टर एक्ट के मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है। गिरफ्तारी के बाद उसे संबंधित न्यायालय के समक्ष पेश करने की कार्रवाई की जा रही है।























Leave a Reply