वाराणसी। लक्सा थाना क्षेत्र में मंगलवार को एक सनसनीखेज घटना सामने आई, जहां नशे में धुत कुछ मनचलों ने सरेआम उत्पात मचाते हुए एक युवती से दुर्व्यवहार किया। घटना पीडीआर मॉल के सामने की बताई जा रही है, जहां लोगों की भीड़ के बीच आरोपी की हरकतों से हड़कंप मच गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ऑटो चालक के रूप में घूम रहे कुछ युवक शराब के नशे में लोगों से बदसलूकी कर रहे थे। इसी दौरान एक युवक ने हद पार करते हुए एक युवती के साथ दुर्व्यवहार किया और सड़क पर रखी पटिया उठाकर उस पर फेंकने की कोशिश की। हालांकि आसपास मौजूद लोगों ने हस्तक्षेप कर स्थिति को बिगड़ने से रोका।
स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी युवक को हिरासत में लेकर थाने भेज दिया। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बना रहा।
सूत्रों के मुताबिक, इलाके में अवैध ऑटो संचालन और कथित वसूली का नेटवर्क भी सक्रिय है, जिसमें कुछ मनबढ़ युवक शामिल बताए जा रहे हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि इन युवकों को पुलिस की शह मिलने के कारण इनके हौसले बुलंद हैं।
बताया जा रहा है कि एक दिन पहले भी इन्हीं युवकों द्वारा तेज हॉर्न बजाने, राहगीरों से गाली-गलौज और बदतमीजी करने की घटना सामने आई थी, जिसकी सूचना भी दी गई थी, लेकिन ठोस कार्रवाई नहीं होने से उनका मनोबल और बढ़ गया।
फिलहाल पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। स्थानीय नागरिकों ने मांग की है कि ऐसे असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनी रहे और आम लोगों को राहत मिल सके।













