वाराणसी। केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट वेलफेयर एसोसिएशन, वाराणसी के प्रतिनिधिमंडल ने रविवार को प्रदेश अध्यक्ष Sandeep Chaturvedi के नेतृत्व में मंडलायुक्त S. Rajalingam से मुलाकात कर दवा कारोबारियों की समस्याओं को उठाया।
प्रतिनिधिमंडल ने आरोप लगाया कि Food Safety and Drug Administration Uttar Pradesh (एफडीए) द्वारा लाइसेंस नवीनीकरण और रिटेंशन की प्रक्रिया के दौरान दुकानों के आकार (साइज) को आधार बनाकर अनावश्यक नोटिस जारी किए जा रहे हैं, जिससे दवा कारोबारियों को परेशानी और उत्पीड़न का सामना करना पड़ रहा है।
पदाधिकारियों ने बताया कि जिन प्रतिष्ठानों के खिलाफ कोई विभागीय या कानूनी कार्रवाई लंबित नहीं है, उन्हें भी नोटिस भेजे जा रहे हैं। उन्होंने दुकानों की साइज से संबंधित जारी नोटिसों को तत्काल निरस्त करने की मांग की।
मामले को गंभीरता से लेते हुए मंडलायुक्त ने संबंधित अधिकारियों से वार्ता कर शीघ्र समाधान कराने का आश्वासन दिया।
इस दौरान प्रतिनिधिमंडल में मनोज खन्ना, गजानंद यादव, गणेश गुप्ता, सुमित सिंह, राकेश यादव और तरुण रस्तोगी सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।









