चंदौली। जनपद के पुलिस अधीक्षक सभागार में बुधवार को व्यापारी सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था को लेकर बैठक आयोजित की गई। बैठक में अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के पदाधिकारियों और व्यापारियों ने बड़ी संख्या में भाग लेकर व्यापार से जुड़ी विभिन्न समस्याओं एवं सुरक्षा संबंधी मुद्दों पर चर्चा की।
बैठक में संगठन की ओर से करीब 40 से 45 व्यापारी, पदाधिकारी और सदस्य मौजूद रहे। इस दौरान जिला अध्यक्ष राकेश शर्मा, जिला प्रभारी घनश्याम शर्मा, जिला महामंत्री अनिरुद्ध जायसवाल, जिला उपाध्यक्ष अल्केश राज कुंवर, सरदार दीपू सिंह, आकाश यादव सहित कई पदाधिकारियों ने व्यापारियों के हितों से जुड़े मुद्दे उठाए।
मुगलसराय इकाई की ओर से नगर महामंत्री ऋतिक विश्वकर्मा, ओम प्रकाश तथा अन्य पदाधिकारी शामिल हुए। वहीं पड़ाव क्षेत्र से बाबू भाई शहीद समेत कई व्यापारी भी बैठक में उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान व्यापारियों ने सुरक्षित कारोबारी माहौल, पुलिस-व्यापारी समन्वय और विभिन्न स्थानीय समस्याओं पर अपने सुझाव अधिकारियों के समक्ष रखे। पुलिस अधिकारियों ने भी व्यापारियों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिलाया।
व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने कहा कि इस प्रकार की बैठकें व्यापारियों और पुलिस प्रशासन के बीच बेहतर संवाद स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं, जिससे जिले में व्यापारिक गतिविधियों को सुरक्षित और सुचारु वातावरण मिल सके।









