लखनऊ। पर्यावरण संरक्षण और ईंधन बचत को बढ़ावा देने के उद्देश्य से शुक्रवार को लखनऊ में करीब 70 न्यायिक अधिकारियों ने अनूठी पहल करते हुए साइकिल से अदालत पहुंचकर लोगों को जागरूकता का संदेश दिया। न्यायिक अधिकारियों की इस पहल को शहरभर में सराहना मिल रही है।
जानकारी के अनुसार, सभी जजों ने तय किया है कि सप्ताह में एक दिन वे साइकिल से ही कोर्ट आएंगे। इसका उद्देश्य पेट्रोल-डीजल की खपत कम करना, प्रदूषण पर नियंत्रण पाना और स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देना है।
न्यायिक अधिकारियों ने कहा कि छोटी-छोटी पहल से बड़े बदलाव संभव हैं। यदि आम लोग भी कम दूरी के लिए साइकिल या सार्वजनिक परिवहन का उपयोग करें तो पर्यावरण संरक्षण में बड़ा योगदान दिया जा सकता है।
इस पहल को देखने के बाद लोगों ने भी इसे प्रेरणादायक कदम बताया। नागरिकों का कहना है कि जब प्रशासनिक और न्यायिक अधिकारी स्वयं आगे आकर ऐसा संदेश देंगे तो समाज में जागरूकता तेजी से बढ़ेगी।









