लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार ने सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) को अधिक सुविधाजनक और लाभार्थी-केंद्रित बनाने के लिए नई पहल शुरू की है। नई व्यवस्था के तहत अब राशन वितरण के दौरान उचित दर की दुकानों पर लाभार्थियों के बैठने के लिए कुर्सियां, स्वच्छ पेयजल और स्वागत की विशेष व्यवस्था की जाएगी।
सरकार के अनुसार, प्रदेश के करीब 3.65 करोड़ राशन कार्डधारकों को राशन लेते समय सम्मानजनक और बेहतर अनुभव देने के उद्देश्य से यह निर्णय लिया गया है। राशन वितरण के दिन दुकानों पर लाभार्थियों के लिए बैठने की व्यवस्था के साथ स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराया जाएगा। इसके अलावा स्वागत स्वरूप गुड़ या पेठा जैसी पारंपरिक मिठाई भी दी जाएगी।
नई व्यवस्था का पूरा खर्च राज्य सरकार वहन करेगी। कोटेदारों को कुर्सियां खरीदने और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए अलग से आर्थिक सहायता भी दी जाएगी, ताकि उन पर अतिरिक्त वित्तीय बोझ न पड़े।
सरकार का कहना है कि कई स्थानों से राशन दुकानों पर बैठने की व्यवस्था और लाभार्थियों के साथ व्यवहार को लेकर शिकायतें मिल रही थीं। इन्हीं शिकायतों को ध्यान में रखते हुए राशन वितरण प्रणाली को अधिक व्यवस्थित, पारदर्शी और जनहितैषी बनाने का फैसला लिया गया है।
प्रदेश में हर महीने लगभग 3.65 करोड़ राशन कार्डधारक सरकारी योजनाओं के तहत राशन प्राप्त करते हैं। सरकार को उम्मीद है कि नई व्यवस्था लागू होने के बाद ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों की राशन दुकानों पर लाभार्थियों को पहले की तुलना में अधिक सुविधाजनक और सम्मानजनक माहौल मिलेगा, जिससे सार्वजनिक वितरण प्रणाली की गुणवत्ता और पारदर्शिता दोनों में सुधार होगा।









