चंदौली। चकिया कोतवाली क्षेत्र स्थित प्रसिद्ध मुसाखांड डैम में पिकनिक मनाने गए एक युवक की डूबने से मौत हो गई। स्थानीय गोताखोरों और पुलिस की टीम ने कई घंटों तक चले रेस्क्यू अभियान के बाद सोमवार दोपहर युवक का शव बरामद किया। घटना के बाद परिजनों में मातम छा गया।
मृतक की पहचान 22 वर्षीय रंजीत कुमार, निवासी भतीजा रोड, सैयदराजा के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, रंजीत रविवार को अपने करीब आधा दर्जन दोस्तों के साथ मुसाखांड डैम घूमने गया था। सभी दोस्त बांध के फाटक के नीचे भोजन बना रहे थे। इसी दौरान रंजीत डैम के निचले हिस्से की ओर चला गया, जहां अचानक उसका पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में डूब गया।
रंजीत को डूबता देख उसके साथियों ने शोर मचाते हुए उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन पानी की अधिक गहराई के कारण सफलता नहीं मिल सकी। सूचना मिलते ही चकिया कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अर्जुन सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और स्थानीय गोताखोरों की मदद से तलाश अभियान शुरू कराया।
देर रात तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बावजूद युवक का पता नहीं चल सका। सोमवार दोपहर करीब 12 बजे गोताखोरों ने युवक का शव पानी से बाहर निकाला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस ने पर्यटकों से अपील की है कि डैम, जलाशयों और गहरे पानी वाले क्षेत्रों में अत्यधिक सावधानी बरतें तथा प्रतिबंधित या जोखिम वाले स्थानों पर जाने से बचें।









