चंदौली। जनपद में अवैध रूप से ब्याज पर पैसा चलाने वालों के खिलाफ पुलिस सख्त रुख में नजर आ रही है। पुलिस की इस कार्रवाई से आम जनता, खासकर गरीब वर्ग को राहत मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने जनपद के सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिए हैं कि क्षेत्र में अवैध सूदखोरी करने वालों की पहचान कर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। इसके लिए विशेष रूप से निगरानी (रेकी) करने और ऐसे लोगों की सूची तैयार करने को कहा गया है।
बताया जा रहा है कि सूदखोर ऊंचे ब्याज दर पर लोगों को पैसा देते हैं, जिससे गरीब और जरूरतमंद लोग कर्ज के जाल में फंस जाते हैं। कई मामलों में आर्थिक दबाव के कारण लोग गंभीर कदम उठाने को मजबूर हो जाते हैं।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि ऐसे अवैध कार्यों में लिप्त व्यक्तियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही आम जनता से भी अपील की गई है कि यदि कहीं इस तरह की गतिविधि की जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस को सूचित करें।
पुलिस की इस पहल को जनहित में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है, जिससे जिले में कानून व्यवस्था और सामाजिक सुरक्षा को मजबूती मिलने की उम्मीद है।









