पटना। बिहार की राजनीति में बड़ा बदलाव सामने आया है। सम्राट चौधरी को एनडीए विधायक दल का नेता चुने जाने के बाद अब वह राज्य के नए मुख्यमंत्री होंगे। बताया जा रहा है कि वह जल्द ही राज्यपाल से मिलकर सरकार बनाने का दावा पेश करेंगे।
शपथ ग्रहण समारोह 15 अप्रैल को लोकभवन में आयोजित होगा, जहां सम्राट चौधरी मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। इसके साथ ही बिहार में पहली बार भारतीय जनता पार्टी का मुख्यमंत्री बनने जा रहा है।
इससे पहले नीतीश कुमार ने मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया। वह सम्राट चौधरी और विजय चौधरी के साथ राजभवन पहुंचे और राज्यपाल को अपना इस्तीफा सौंपा।
इस्तीफे के बाद सम्राट चौधरी ने कहा कि उन्होंने राजनीति नीतीश कुमार से सीखी है और उनके साथ काम करने का अनुभव रहा है। उन्होंने कहा कि बिहार के विकास को और आगे बढ़ाने के लिए वह पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम करेंगे।
वहीं, नीतीश कुमार ने सोशल मीडिया पर नई सरकार को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि अब नई सरकार राज्य का काम संभालेगी और उन्हें पूरा सहयोग मिलेगा। उन्होंने विश्वास जताया कि बिहार विकास की राह पर आगे बढ़ता रहेगा।









