चंदौली। डीडीयू नगर (मुगलसराय) के सुभाष नगर वार्ड संख्या-21 निवासी एवं अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के उपाध्यक्ष राधेश्याम यादव की माताजी का आज सुबह करीब 9 बजे लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया। उनके निधन की खबर मिलते ही क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई और बड़ी संख्या में लोग शोक संवेदना व्यक्त करने उनके आवास पर पहुंचने लगे।
बताया जाता है कि वह काफी समय से अस्वस्थ चल रही थीं और घर पर ही उनका उपचार चल रहा था। निधन की सूचना मिलते ही सुभाष नगर सहित आसपास के क्षेत्रों के नागरिक, समाजसेवी, व्यापारी, पत्रकार एवं रिश्तेदार बड़ी संख्या में उनके अंतिम दर्शन के लिए पहुंचे। सभी ने नम आंखों से उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की और परिजनों को ढांढस बंधाया।
दोपहर करीब साढ़े तीन बजे गंगा घाट पर पूरे विधि-विधान के साथ उनका अंतिम संस्कार संपन्न हुआ। अंतिम यात्रा में भी बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए और “राम नाम सत्य है” के उद्घोष के साथ उन्हें अंतिम विदाई दी गई।
स्वर्गीय माताजी अपने पीछे पांच पुत्र, एक पुत्री तथा नाती-पोतों से भरा परिवार छोड़ गई हैं। उनके निधन से परिवार में गहरा शोक व्याप्त है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। क्षेत्र के लोगों ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति तथा शोक संतप्त परिवार को इस दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की है।









