मिर्जापुर। सवर्ण आर्मी के कार्यकर्ताओं ने समाजवादी पार्टी के प्रवक्ता राजकुमार भाटी के कथित ब्राह्मण विरोधी बयान के खिलाफ जिला मुख्यालय पर जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने अस्पताल तिराहा पर राजकुमार भाटी का पुतला दहन कर विरोध जताया।
प्रदर्शन का नेतृत्व जिला संयोजक सुशील कुमार पांडे और जिला अध्यक्ष मुकेश कुमार पांडे ने किया। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए और समाजवादी पार्टी के खिलाफ नारेबाजी की गई।
जिला संयोजक सुशील कुमार पांडे ने कहा कि राजकुमार भाटी का बयान ब्राह्मण समाज और सनातन धर्म का अपमान है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि अखिलेश यादव 24 घंटे के भीतर माफी नहीं मांगते और संबंधित प्रवक्ता के खिलाफ कार्रवाई नहीं करते, तो सवर्ण आर्मी प्रदेशव्यापी आंदोलन करेगी।
वहीं जिला अध्यक्ष मुकेश कुमार पांडे ने कहा कि ब्राह्मण समाज ने देश को कई महान विभूतियां दी हैं और समाज के सम्मान से किसी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यदि कार्रवाई नहीं हुई तो आगे सपा कार्यालय का घेराव किया जाएगा।
प्रदर्शन के दौरान रमाकांत दुबे समेत अन्य वक्ताओं ने भी बयान की निंदा करते हुए कड़ी कार्रवाई की मांग की। कार्यकर्ताओं ने “ब्राह्मण का अपमान नहीं सहेगा हिंदुस्तान”, “राजकुमार भाटी माफी मांगो” और “जय दादा परशुराम” जैसे नारे लगाए।
इस अवसर पर गुड्डू सिंह, कृष्णकांत दुबे, आनंद पाठक, एडवोकेट विनय पांडे, चिंटू सिंह, कल्लू दुबे, अवनीश दुबे, अजय दुबे, दिलीप सिंह गहरवार, अभिषेक सिंह धवल, शिवम, मधुकर मिश्रा सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।
सवर्ण आर्मी ने चेतावनी दी है कि यदि समाजवादी पार्टी नेतृत्व ने जल्द कार्रवाई नहीं की, तो आंदोलन को जिला स्तर से प्रदेश स्तर तक तेज किया जाएगा।













