,

ससुराल में दामाद का तांडव, लाठी-रॉड से हमला कर कई लोगों को किया घायल

चंदौली। अलीनगर थाना क्षेत्र के डेरवा कला गांव में पारिवारिक विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। आरोप है कि एक दामाद अपने कई साथियों के साथ ससुराल पहुंचा और ससुराल पक्ष के लोगों पर लाठी-डंडों व लोहे की रॉड से हमला कर दिया। घटना में कई लोग घायल हो गए।

घायलों को परिजन जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उनका उपचार कराया गया। घटना के बाद गांव में तनाव और दहशत का माहौल बना हुआ है।

पीड़ित परिवार का आरोप है कि दामाद का किसी दूसरी लड़की से संबंध था, जिसका परिवार द्वारा विरोध किया जा रहा था। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में पहले से विवाद चल रहा था। परिवार का कहना है कि पूर्व में दर्ज एक मामले को लेकर भी आरोपी रंजिश रखता था और उसी खुन्नस में उसने हमला किया।

घायल महिला ने आरोप लगाया कि आरोपी अपने कई साथियों के साथ घर पहुंचा और आते ही गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर महिलाओं और पुरुषों को घर से बाहर निकालकर दौड़ा-दौड़ाकर पीटा गया।

वहीं पीड़ित ससुर राजकुमार ने बताया कि आरोपी पहले से धमकी देता था। उन्होंने कहा कि समझाने की कई बार कोशिश की गई, लेकिन विवाद लगातार बढ़ता गया। आरोप है कि हमले के दौरान महिलाओं के साथ भी मारपीट की गई।

जिला अस्पताल के इमरजेंसी चिकित्सक डॉ. चंद्रमणि सिंह ने बताया कि मारपीट में घायल लोगों का प्राथमिक उपचार किया गया है। सभी की हालत फिलहाल सामान्य है। मेडिकल परीक्षण के बाद रिपोर्ट पुलिस को भेजी जा रही है।

अलीनगर थाना पुलिस का कहना है कि मामले की जानकारी मिल गई है। तहरीर के आधार पर जांच की जा रही है। मेडिकल रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

ब्यूरो प्रमुख- चंदौली

Ruchi Chaubey Avatar

Written by

Follow us

error: Content is protected !!