सूने मकान का ताला तोड़कर लाखों के जेवर और नकदी ले गए चोर

वाराणसी। शिवपुर थाना क्षेत्र के चांदमारी चौकी अंतर्गत विश्वनाथपुरी कॉलोनी में चोरों ने बंद मकान का ताला तोड़कर नकदी और लाखों रुपये के आभूषण चोरी कर लिए। घटना के समय मकान मालिक अधिवक्ता महिपाल सिंह परिवार के साथ गाजीपुर स्थित अपने पैतृक गांव में धार्मिक कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। घर लौटने पर चोरी की जानकारी हुई।

जानकारी के अनुसार, महिपाल सिंह 25 अगस्त से पहले परिवार के साथ गाजीपुर के सियावां गांव गए थे। इसी दौरान चोरों ने सुनसान मकान को निशाना बनाया। मुख्य दरवाजे का ताला तोड़कर अंदर घुसे चोरों ने कमरे में रखी अलमारी को भी खंगाला।

अलमारी का ताला तोड़कर चोर 35 हजार रुपये नकद और करीब पांच लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के आभूषण ले गए। परिवार जब धार्मिक कार्यक्रम से वापस लौटा तो मुख्य दरवाजे का ताला टूटा मिला। घर के भीतर सामान बिखरा पड़ा था।

चोरी का पता चलते ही परिवार ने पुलिस को सूचना दी। शिवपुर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने साक्ष्य जुटाने के लिए फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया।

सीसीटीवी फुटेज से चोरों की तलाश

पुलिस अब आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। अधिकारियों का कहना है कि फुटेज और घटनास्थल से मिले अन्य साक्ष्यों के आधार पर चोरों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। मामले में आगे की जांच जारी है।

वाराणसी ब्यूरो चीफ-अमर शर्मा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!