जन्माष्टमी और चक्रधर समारोह को लेकर प्रशासन अलर्ट, सुरक्षा-यातायात की बनेगी पुख्ता योजना

रायगढ़। कृष्ण जन्माष्टमी और जिले के प्रतिष्ठित 41वें चक्रधर समारोह को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस ने कानून व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण और यातायात प्रबंधन की तैयारियां तेज कर दी हैं। दोनों आयोजनों के दौरान श्रद्धालुओं और दर्शकों की संभावित भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने संबंधित अधिकारियों को समय रहते सभी व्यवस्थाएं पूरी करने के निर्देश दिए हैं।

कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित बैठक में जन्माष्टमी और चक्रधर समारोह की तैयारियों को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। बैठक में एडीएम अपूर्व प्रियेश टोप्पो, सहायक कलेक्टर गोकुल आर.के., सीएसपी मयंक मिश्रा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी सहित प्रशासन और पुलिस विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।

दही हांडी और शोभायात्राओं पर रहेगी नजर

बैठक में बताया गया कि 4 सितंबर को कृष्ण जन्माष्टमी का पर्व जिलेभर में मनाया जाएगा। रायगढ़ शहर समेत नगरीय और ग्रामीण क्षेत्रों के मंदिरों में विशेष पूजा-अर्चना, दर्शन, दही हांडी और शोभायात्राओं का आयोजन होगा।

शहर के सुभाष चौक, गौरीशंकर मंदिर और अग्रोहा धाम में भी विशेष आयोजन प्रस्तावित हैं। इन स्थानों पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए पुलिस बल की तैनाती, भीड़ नियंत्रण और यातायात व्यवस्था को लेकर आवश्यक तैयारियां की जाएंगी।

अधिकारियों ने सभी अनुविभागीय अधिकारी राजस्व और अनुविभागीय अधिकारी पुलिस को अपने क्षेत्रों में थाना-चौकी प्रभारियों, आयोजन समितियों और शांति समितियों के साथ बैठक करने के निर्देश दिए। शोभायात्रा के मार्ग, पार्किंग, भीड़ की स्थिति और यातायात व्यवस्था की पहले से समीक्षा करने को कहा गया।

चक्रधर समारोह के लिए रूट और पार्किंग पर मंथन

41वें चक्रधर समारोह का आयोजन 14 से 23 सितंबर तक रामलीला मैदान में प्रस्तावित है। समारोह में देश और प्रदेश के प्रसिद्ध कलाकारों की प्रस्तुतियां होंगी, जिसके चलते बड़ी संख्या में दर्शकों के पहुंचने की संभावना है।

इसे देखते हुए शहर में वाहनों के बढ़ने वाले दबाव को ध्यान में रखकर पार्किंग स्थल, वैकल्पिक मार्ग, प्रवेश-निकास व्यवस्था और जरूरत पड़ने पर यातायात डायवर्जन की योजना तैयार करने पर चर्चा हुई।

आयोजन समितियों के साथ समन्वय पर जोर

प्रशासन ने स्पष्ट किया कि दोनों आयोजनों के दौरान श्रद्धालुओं और आम नागरिकों को किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए पुलिस, प्रशासन और यातायात विभाग आपसी समन्वय से काम करेंगे। भीड़भाड़ वाले स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने के साथ संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जाएगी।

आयोजन समितियों को भी सुरक्षा और यातायात से संबंधित प्रशासनिक निर्देशों का पालन करने के लिए कहा जाएगा। अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि सभी तैयारियां निर्धारित समय सीमा में पूरी कर ऐसी व्यवस्था बनाई जाए, जिससे धार्मिक आयोजनों और सांस्कृतिक समारोह की गरिमा के साथ लोगों की सुरक्षा और सुविधा भी सुनिश्चित हो सके।

ब्यूरो प्रमुख- रायगढ़

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!