वाराणसी। शहर के एक युवा व्यापारी पर हुए जानलेवा हमले के विरोध में महानगर उद्योग व्यापार समिति, वाराणसी के पदाधिकारियों ने पुलिस उपायुक्त वरुणा जोन प्रमोद कुमार से मुलाकात कर आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग की।
प्रतिनिधिमंडल ने समिति के अध्यक्ष श्रीनारायण खेमका और महामंत्री अशोक जायसवाल के नेतृत्व में डीसीपी कार्यालय पहुंचकर घटना पर गहरा रोष जताया। व्यापारियों ने कहा कि लगातार व्यापारियों पर हो रहे हमलों से कारोबारी वर्ग में भय और असुरक्षा का माहौल बन रहा है।
बैठक के दौरान व्यापारियों ने मांग की कि घटना में शामिल आरोपियों को तत्काल गिरफ्तार कर कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए। साथ ही बाजारों और व्यापारिक क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने, नियमित गश्त बढ़ाने और व्यापारियों की सुरक्षा के लिए प्रभावी कदम उठाने की भी मांग की गई।
डीसीपी प्रमोद कुमार ने मामले को गंभीर बताते हुए व्यापारियों को आश्वस्त किया कि पुलिस पूरे प्रकरण की जांच कर रही है और जल्द ही आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।
प्रतिनिधिमंडल में घनश्याम जायसवाल, पंकज अग्रवाल, रजनीश कनौजिया, सोमनाथ विश्वकर्मा, डॉ. अंजनी मिश्रा, राहुल मेहता, रामभजन अग्रहरि, हृदय गुप्ता, मनीष गुप्ता, सुजीत गुप्ता, देवांश मनीष चौबे, मोहित अग्रहरि, शैलेश गुप्ता ‘बमबम’, गौरव जायसवाल, अक्षत श्रीवास्तव समेत कई व्यापारी पदाधिकारी मौजूद रहे।
महानगर उद्योग व्यापार समिति ने कहा कि किसी भी व्यापारी पर हमला पूरे व्यापार समाज पर हमला माना जाएगा और व्यापारियों की सुरक्षा को लेकर संगठन हर स्तर पर आवाज उठाता रहेगा।













