वाराणसी। सिंधोरा थाना क्षेत्र के एक पेट्रोल पंप पर पिस्टल दिखाकर पेट्रोल भरवाने और कर्मचारियों के साथ अभद्रता करने का मामला सामने आने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तुरंत कार्रवाई शुरू की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए गोमती जोन की पुलिस उपायुक्त नीतू कादयान ने तत्काल संज्ञान लेते हुए सिंधोरा थाना प्रभारी को आवश्यक विधिक कार्रवाई के निर्देश दिए थे। इसके बाद पुलिस टीमों का गठन कर आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई थी।
पुलिस के अनुसार वायरल वीडियो और प्राप्त तहरीर के आधार पर थाना सिंधोरा में मुकदमा अपराध संख्या 90/26 धारा 309(5), 352 एवं 351(3) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया। पुलिस लगातार दबिश दे रही थी और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर दोनों आरोपियों की पहचान की गई।
इसी क्रम में मंगलवार को सिंधोरा पुलिस ने मुख्य आरोपी विवेक उर्फ गोलू उपाध्याय (28), निवासी गड़खड़ा, थाना सिंधोरा को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार वह स्थानीय थाने का हिस्ट्रीशीटर भी बताया जा रहा है। उसके साथ शनि सिंह (24), निवासी डगराडीह, गड़खड़ा को भी हिरासत में लिया गया है।
दोनों आरोपियों से पूछताछ के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि इस तरह की घटनाओं पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।









