जौनपुर। ओम प्रकाश राजभर के काफिले को मंगलवार को उस समय ग्रामीणों ने रोक लिया, जब वह सराय ख्वाजा थाना क्षेत्र के भाकुरा गांव में सड़क हादसे में मृत युवक के परिजनों से मिलने पहुंचे थे। इस दौरान परिजनों और ग्रामीणों ने सड़क पर लेटकर न्याय की मांग करते हुए प्रदर्शन किया।
घटना के दौरान मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण जमा हो गए। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में कुछ लोग मंत्री की गाड़ी के सामने लेटे हुए दिखाई दे रहे हैं और मामले में कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
स्थिति को गंभीर होता देख मंत्री ओमप्रकाश राजभर स्वयं वाहन से नीचे उतरे और पीड़ित परिवार से बातचीत की। उन्होंने परिजनों को निष्पक्ष जांच और न्याय दिलाने का आश्वासन दिया।
मंत्री के समझाने के बाद प्रदर्शन कर रहे लोग शांत हुए, जिसके बाद काफिला आगे बढ़ सका। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है।
उत्तर प्रदेश पुलिस और प्रशासन पूरे मामले पर नजर बनाए हुए हैं।









