वाराणसी। लहरतारा स्थित आधार केंद्र से अचानक लापता हुई 12 वर्षीय बच्ची को पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए करीब एक घंटे के भीतर बौलिया क्षेत्र से सकुशल बरामद कर लिया। बच्ची के मिलने के बाद परिजनों ने राहत की सांस ली और पुलिस का आभार जताया।
चोलापुर थाना क्षेत्र के बदला नियार निवासी रेनू पत्नी परदेसी ने 112 नंबर पर सूचना दी थी कि उनकी 12 वर्षीय बेटी लहरतारा स्थित आधार केंद्र से अचानक लापता हो गई है। सूचना मिलते ही पुलिस ने बिना देरी किए बच्ची की तलाश शुरू कर दी।
सीसीटीवी से तलाश को मिली दिशा
लहरतारा चौकी प्रभारी प्रवीण सचान ने हेड कांस्टेबल मिथलेश शाह के साथ आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। पुलिस टीम ने स्थानीय लोगों से भी पूछताछ की और बच्ची के संभावित रास्तों की जानकारी जुटाई।
लगातार प्रयास के बाद पुलिस टीम ने करीब एक घंटे में बच्ची को बौलिया क्षेत्र से सकुशल बरामद कर लिया। पूछताछ में सामने आया कि बच्ची रास्ता भटकने के कारण लहरतारा से बौलिया पहुंच गई थी।
परिजनों के सुपुर्द की गई बच्ची
पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई पूरी करने के बाद बच्ची को सुरक्षित उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया। बच्ची के सकुशल मिलने पर परिवार ने पुलिस की त्वरित कार्रवाई की सराहना की।



















Leave a Reply