लखनऊ। उत्तर प्रदेश में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खबर है। उत्तर प्रदेश राजस्व विभाग के अंतर्गत लेखपाल के कुल 7,994 पदों पर भर्ती के लिए आवेदन प्रक्रिया आज से शुरू कर दी गई है। लंबे समय से इस भर्ती का इंतजार कर रहे अभ्यर्थियों में इसे लेकर खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।
इस भर्ती प्रक्रिया में आवेदन करने के लिए उम्मीदवारों को सबसे पहले वन टाइम रजिस्ट्रेशन (OTR) कराना अनिवार्य होगा। बिना OTR के कोई भी अभ्यर्थी आवेदन फॉर्म नहीं भर सकेगा। विभाग की ओर से स्पष्ट किया गया है कि OTR एक बार कराने के बाद भविष्य की सभी भर्तियों में मान्य रहेगा।
इस बार लेखपाल भर्ती में चयन का आधार PET-2025 (प्रारंभिक अर्हता परीक्षा) का स्कोर होगा। जिन अभ्यर्थियों ने PET परीक्षा उत्तीर्ण की है, वही इस भर्ती प्रक्रिया में शामिल हो सकेंगे। PET स्कोर के आधार पर मेरिट सूची तैयार की जाएगी और उसी के अनुसार आगे की चयन प्रक्रिया पूरी की जाएगी। इससे पहले की भर्तियों की तुलना में इस बार प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी और सरल बताया जा रहा है।
भर्ती के लिए शैक्षिक योग्यता, आयु सीमा और अन्य पात्रता शर्तें निर्धारित मानकों के अनुसार लागू होंगी। उम्मीदवारों को आवेदन करते समय अपनी शैक्षिक प्रमाण पत्र, पहचान पत्र, फोटो और हस्ताक्षर सहित सभी जरूरी दस्तावेज सही तरीके से अपलोड करने होंगे। अधिकारियों ने यह भी स्पष्ट किया है कि आवेदन फॉर्म में किसी भी प्रकार की त्रुटि पाए जाने पर आवेदन निरस्त किया जा सकता है।
राजस्व विभाग के अधिकारियों ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे आवेदन करने से पहले भर्ती से संबंधित सभी दिशा-निर्देश और नियमों को ध्यानपूर्वक पढ़ लें। गलत जानकारी भरने या अधूरी प्रक्रिया के कारण कई बार उम्मीदवार भर्ती से बाहर हो जाते हैं, इसलिए विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।
भर्ती प्रक्रिया शुरू होते ही आधिकारिक वेबसाइट पर आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। विभाग की ओर से पात्र और इच्छुक उम्मीदवारों से जल्द से जल्द आवेदन करने और OTR पंजीकरण पूरा करने की अपील की गई है, ताकि अंतिम समय में किसी तकनीकी समस्या का सामना न करना पड़े।













