वाराणसी। मंडुवाडीह थाना पुलिस ने रेलवे स्टेशन परिसर से चोरी हुई मोटरसाइकिल को त्वरित कार्रवाई करते हुए बरामद कर लिया। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, मुखबिर तंत्र और स्थानीय स्तर पर जुटाए गए सुरागों के आधार पर बाइक को एफसीआई तिराहे के पास से बरामद किया।
जानकारी के अनुसार, चंदुआ-छित्तूपुर निवासी रामाकांत शर्मा 29 जुलाई को अपनी हीरो आई-स्मार्ट मोटरसाइकिल से मंडुवाडीह रेलवे स्टेशन पहुंचे थे। काम पूरा करने के बाद जब वह बाहर निकले तो उनकी बाइक पार्किंग से गायब थी। इसके बाद उन्होंने मंडुवाडीह थाने में वाहन चोरी की लिखित शिकायत दर्ज कराई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए कस्बा चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक योगेंद्र कुमार सिंह के नेतृत्व में तत्काल पुलिस टीम का गठन किया गया। टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली तथा मुखबिरों और स्थानीय लोगों से पूछताछ शुरू की।
लगातार की गई छानबीन और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने चोरी की गई मोटरसाइकिल को एफसीआई तिराहे से बरामद कर लिया। पुलिस आगे की विधिक कार्रवाई करते हुए मामले की जांच में जुटी है।









