वाराणसी। आम नागरिकों की शिकायतों के त्वरित समाधान और पुलिस व जनता के बीच विश्वास को मजबूत करने की दिशा में पुलिस आयुक्त ने एक महत्वपूर्ण पहल शुरू की है। इसके तहत प्रतिदिन निर्धारित समय पर आमजन से सीधा संवाद स्थापित किया जा रहा है, ताकि समस्याएं सीधे उच्च स्तर तक पहुंच सकें और उनका प्रभावी निस्तारण हो सके।
गुरुवार को दोपहर 12 बजे से 1 बजे के बीच इस व्यवस्था के तहत कुल 78 नागरिकों ने पुलिस आयुक्त से सीधे संपर्क कर अपनी बात रखी। संवाद के दौरान लोगों ने अपने-अपने क्षेत्रों से जुड़ी यातायात अव्यवस्था, जुआ-सट्टा, भूमि विवाद, पारिवारिक विवाद सहित विभिन्न जनसमस्याओं की जानकारी दी। इसके साथ ही कई जागरूक नागरिकों ने पुलिसिंग व्यवस्था को और अधिक प्रभावी, पारदर्शी व जनोन्मुखी बनाने को लेकर उपयोगी सुझाव भी साझा किए।
पुलिस आयुक्त ने प्राप्त सभी शिकायतों और सुझावों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि एक सप्ताह के भीतर आवश्यक कार्रवाई करते हुए ठोस समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनसमस्याओं के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
पुलिस आयुक्त ने बताया कि मोबाइल नंबर 9670705555 पर वे प्रतिदिन दोपहर 12 से 1 बजे तक आम नागरिकों से सीधे संवाद के लिए उपलब्ध रहेंगे। इस दौरान लोग पुलिसकर्मियों द्वारा की जा रही अनुचित मांग या भ्रष्टाचार से जुड़ी शिकायतों के साथ-साथ वेश्यावृत्ति, हुक्काबार, जुआ, सट्टा, अवैध वाहन स्टैंड जैसी गैरकानूनी गतिविधियों की सूचना भी बेझिझक दे सकते हैं।
नागरिक अपनी शिकायतें और सुझाव व्हाट्सएप के माध्यम से भी भेज सकते हैं। पुलिस प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि शिकायतकर्ताओं की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी और प्राप्त हर शिकायत पर की जा रही कार्रवाई की निगरानी स्वयं पुलिस आयुक्त द्वारा की जाएगी, ताकि समाधान प्रक्रिया पारदर्शी और समयबद्ध बनी रहे।









