चंदौली। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बरहनी परिसर में बने एक कर्मचारी के आवास में बुधवार को सांप मिलने से अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर बुलाए गए सपेरे ने सांप को पकड़ लिया। हालांकि, पहले भी परिसर में सांप दिखाई देने की बात कहते हुए कर्मचारियों ने आवासों के आसपास साफ-सफाई और झाड़ियों को हटवाने की मांग की है।
स्वास्थ्य केंद्र के पीछे बने आवासों में वार्ड बॉय, सफाईकर्मी और सुरक्षाकर्मी अपने परिवारों के साथ रहते हैं। बुधवार को छोटे राम के आवास में सांप दिखाई दिया। कर्मचारियों ने इसकी जानकारी प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. शैलेन्द्र कुमार को दी और सांप पकड़ने के लिए मदद बुलाई।
कुछ देर बाद रामपुर गांव से पहुंचे सपेरे ने सांप को पकड़ लिया। इस दौरान अस्पताल के कर्मचारियों और आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। सांप पकड़े जाने के बाद आवास में मौजूद लोगों ने राहत महसूस की।
स्वास्थ्य कर्मियों सुदामा राम, तेज प्रताप भारती और ओमप्रकाश चौधरी के मुताबिक, अस्पताल के आसपास खेत हैं, जिनमें इन दिनों पानी भरा है। उनका मानना है कि इसी वजह से सांप परिसर और आवासों की ओर आ रहे हैं। कर्मचारियों ने बताया कि इससे पहले भी अस्पताल परिसर में कई बार सांप देखे गए हैं।
कर्मचारियों का कहना है कि आवासों में बच्चों सहित उनके परिवार रहते हैं और रात के समय उन्हें विशेष चिंता रहती है। उन्होंने परिसर की नियमित सफाई, आसपास उगी झाड़ियों को हटाने और निगरानी की व्यवस्था करने की मांग की है।












