,

घर में मृत मिली महिला, दो साल पहले बेटे को खोने के बाद से थीं परेशान

कोरबा। पुरानी बस्ती के रानी रोड क्षेत्र में 50 वर्षीय गीता तंवर उर्फ गीता बाई कंवर अपने घर में मृत मिलीं। प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का बताया जा रहा है। कोतवाली पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और घटना की परिस्थितियों की जांच कर रही है।

परिजनों और पड़ोसियों के अनुसार, गीता के बेटे की दो साल पहले मौत हो गई थी। इसके बाद से वह अकेली रह रही थीं और अक्सर बेटे को याद कर दुखी हो जाती थीं। दीपावली पर भी उन्होंने बेटे की कमी और घर के सूनेपन को लेकर अपनी परेशानी जाहिर की थी।

जानकारी के मुताबिक, काफी देर तक घर में कोई हलचल नहीं दिखने पर पड़ोसियों ने अंदर देखा। महिला को मृत अवस्था में देखकर उन्होंने कोतवाली पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल की जांच की और अधिकारियों को मामले से अवगत कराया।

सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी ने बताया कि शुरुआती जांच में महिला के बेटे की मृत्यु और उसके बाद अकेले रहने की जानकारी सामने आई है। परिजनों ने बेटे को खोने के बाद उनकी मानसिक परेशानी का जिक्र किया है। पुलिस मृत्यु के कारण और उससे जुड़ी परिस्थितियों की जांच कर रही है।

शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर आगे की विवेचना कर रही है।

ब्यूरो प्रमुख- कोरबा

Ruchi Chaubey Avatar

Written by

Follow us

error: Content is protected !!