कानपुर। एसटीएफ की प्रयागराज इकाई ने गैंगस्टर एक्ट के मुकदमे में वांछित रेहान को कानपुर नगर से गिरफ्तार किया है। उस पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित था। पुलिस के मुताबिक, रेहान गोवंश तस्करी करने वाले संगठित गिरोह से जुड़ा है और उसके खिलाफ आठ जिलों में कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।
एसटीएफ को मुखबिर से रेहान के ट्रांसपोर्ट नगर इलाके में मौजूद होने की सूचना मिली थी। इसके आधार पर टीम ने घेराबंदी की और जूही थाना क्षेत्र में मेट्रो स्टेशन के सामने एक चाय की दुकान के पास से उसे पकड़ लिया।
रेहान कौशांबी के कोखराज थाने में गैंगस्टर एक्ट के तहत दर्ज मुकदमे में वांछित चल रहा था। पुलिस लंबे समय से उसकी तलाश कर रही थी। गिरफ्तारी के लिए उस पर इनाम भी घोषित किया गया था।
पुलिस के अनुसार, रेहान पर संगठित गिरोह के साथ मिलकर गोवंश तस्करी में शामिल होने का आरोप है। इसी गिरोह के खिलाफ चल रही कार्रवाई के दौरान एसटीएफ की प्रयागराज टीम ने उसे गिरफ्तार किया।












