वाराणसी। जैतपुरा पुलिस ने बार-बार दुष्कर्म करने, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में वांछित मोहम्मद जमाल अंसारी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी को वरुणा कॉरिडोर के सरैया क्षेत्र से पकड़ा गया। उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता और पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज है।
पुलिस ने बताया कि पीड़िता ने 10 नवंबर को शिकायत देकर आरोपी पर जबरन शारीरिक संबंध बनाने और धमकाने के आरोप लगाए थे। शिकायत के आधार पर जैतपुरा थाने में मुकदमा अपराध संख्या 242/2026 दर्ज किया गया। इसके बाद पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू की।
थानाध्यक्ष के निर्देशन में गठित टीम को मुखबिर से आरोपी के सरैया क्षेत्र में मौजूद होने की सूचना मिली। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी बड़ी बाजार के काजी सादुल्लापुरा का निवासी है।
मामले में बीएनएस की धारा 64(2)(m), 352, 351(3) तथा पॉक्सो एक्ट की धारा 5एल/6 और 3/4(1) लगाई गई हैं। गिरफ्तारी के बाद आवश्यक कार्रवाई पूरी कर आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया।
पुलिस टीम में थानाध्यक्ष उपेंद्र प्रताप सिंह, हेड कांस्टेबल कुलदीप सिंह, कांस्टेबल दीपक यादव और रिजर्व कांस्टेबल विकास कुमार गौड़ सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।












