,

विद्यालय से 50 मीटर बिजली का तार और नल की टोटियां चोरी, पानी का पाइप भी क्षतिग्रस्त

चंदौली। बलुआ थाना क्षेत्र के मजीदहा गांव स्थित प्राथमिक विद्यालय को चोरों ने दोबारा निशाना बनाया। विद्यालय की मुख्य बिजली सप्लाई का करीब 50 मीटर तार और पेयजल के लिए लगाए गए नलों की टोटियां चोरी कर ली गईं। पानी की टंकी तक पहुंचने वाला पाइप भी क्षतिग्रस्त मिला। दीपावली की छुट्टियों के बाद विद्यालय खुलने पर घटना का पता चला।

चार दिन के अवकाश के बाद इंचार्ज प्रधानाध्यापक सत्य प्रकाश त्रिपाठी विद्यालय पहुंचे थे। मुख्य गेट खोलकर परिसर की व्यवस्था देखते समय उन्हें बिजली का तार गायब मिला। जांच करने पर हर घर नल-जल योजना के तहत लगाए गए नलों की टोटियां भी नहीं मिलीं और टंकी का पाइप टूटा हुआ दिखा।

प्रधानाध्यापक के मुताबिक, कुछ महीने पहले भी विद्यालय में चोरी हुई थी। उस समय खिड़की तोड़कर पंखा चुरा लिया गया था। उन्होंने घटना की लिखित तहरीर पुलिस को दी थी। उनका आरोप है कि शिकायत के बावजूद पुलिस जांच के लिए विद्यालय नहीं पहुंची और पुराने मामले में अब तक कार्रवाई की जानकारी नहीं मिली है।

दोबारा चोरी होने पर विद्यालय प्रबंधन ने परिसर की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई है। प्रधानाध्यापक ने प्रशासन से घटनाओं का खुलासा करने और चोरी में शामिल लोगों की पहचान कर कार्रवाई करने की मांग की है।

मारूफपुर चौकी प्रभारी अमित सिंह ने बताया कि मामले की जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी।

ब्यूरो प्रमुख- चंदौली

Ruchi Chaubey Avatar

Written by

Follow us

error: Content is protected !!