वाराणसी। सारनाथ थाना क्षेत्र के सलारपुर इलाके में दहेज की मांग को लेकर एक विवाहिता के साथ क्रूरता की हद पार करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि पति और सास ने न केवल पीड़िता के साथ बेरहमी से मारपीट की, बल्कि उसे जबरन गर्भपात की दवा खिलाकर उसकी जान को खतरे में डाल दिया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।
पुलिस के मुताबिक, जैतपुरा निवासी विमला देवी ने शिकायत दर्ज कराते हुए बताया कि उनकी बहन सोनी देवी की शादी 4 मई 2023 को सलारपुर निवासी अमित सोनकर के साथ हुई थी। विवाह के दौरान परिजनों ने अपनी सामर्थ्य के अनुसार गृहस्थी का पूरा सामान दिया था, लेकिन इसके बावजूद ससुराल पक्ष की ओर से लगातार ताने और अतिरिक्त दहेज की मांग की जाती रही। विरोध करने पर पीड़िता को आए दिन प्रताड़ित किया जाता था।
शिकायत में बताया गया कि तीन दिन पहले की घटना में सोनी देवी घर में मोटर चलाकर पानी भर रही थीं। इसी दौरान पति अमित सोनकर घर पहुंचा और मोटर बंद कर दी। उसने तंज कसते हुए कहा कि बिजली का बिल उसके मायके से नहीं आता। इस बात पर विरोध जताने पर पति और सास धन्नो देवी ने मिलकर उसे कमरे में बंद कर दिया और बुरी तरह पीटा। आरोप है कि इस दौरान उसके बाल तक उखाड़ दिए गए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई।
इतना ही नहीं, पीड़िता की हालत बिगड़ने के बावजूद आरोपियों का अत्याचार जारी रहा। शिकायत के अनुसार, पति ने जबरन गर्भपात कराने की नीयत से उसे दवा खिला दी, जिसके बाद उसे तेज रक्तस्राव शुरू हो गया। लगातार खून बहने से उसकी स्थिति और गंभीर हो गई। इसके बाद भी आरोपियों ने कोई मदद नहीं की और उसे उसी हालत में छोड़कर फरार हो गए।
दर्द से कराह रही गर्भवती महिला को देखकर पड़ोसियों ने तुरंत मायके पक्ष को सूचना दी। परिजन मौके पर पहुंचे और उसे तत्काल एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज जारी है। चिकित्सकों के अनुसार उसकी हालत अब भी नाजुक बनी हुई है।
मामले की सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आई और पीड़िता की बहन की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया। थाना प्रभारी Pankaj Kumar Tripathi ने बताया कि आरोपी पति अमित सोनकर और सास धन्नो देवी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से दोनों को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और पीड़िता के बयान व मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। घटना ने क्षेत्र में दहेज उत्पीड़न की समस्या को लेकर एक बार फिर चिंता बढ़ा दी है।













