रॉबर्ट्सगंज। मादक पदार्थों के खिलाफ चल रहे अभियान के तहत सोनभद्र पुलिस को एक अहम सफलता हाथ लगी है। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देश पर रॉबर्ट्सगंज पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने एक युवक को अवैध हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया।
जानकारी के अनुसार, पुलिस टीम बभनौली चौराहे के पास देर रात गश्त और वाहन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक संदिग्ध बाइक सवार को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन वह भागने लगा। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए उसका पीछा किया और हिन्दुआरी पुल के पास उसे पकड़ लिया।
तलाशी में आरोपी के पास से 101.76 ग्राम हेरोइन बरामद हुई, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 22 लाख रुपये आंकी गई है।
गिरफ्तार युवक की पहचान मीरजापुर जनपद के चुनार थाना क्षेत्र अंतर्गत रैपुरिया गांव निवासी सूर्य प्रताप सिंह उर्फ सूरज सिंह (28) के रूप में हुई है। पूछताछ में उसने बताया कि वह हेरोइन को बिक्री के उद्देश्य से लेकर जा रहा था।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। साथ ही, घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल (UP63AQ8477) को भी जब्त कर लिया गया है।
इस कार्रवाई में एसओजी प्रभारी राजेश चौबे, उपनिरीक्षक अनिल विश्वकर्मा, महेन्द्र यादव समेत अन्य पुलिसकर्मियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।













