नई दिल्ली। इंडिया पोस्ट ने अपनी स्पीड पोस्ट सेवा को अधिक तेज, आधुनिक और भरोसेमंद बनाने के लिए 1 अगस्त 2026 से नई व्यवस्था लागू कर दी है। इसके तहत चुनिंदा शहरों के बीच अब 24 घंटे (D+1) और 48 घंटे (D+2) में डिलीवरी की गारंटी दी जाएगी। यदि निर्धारित समय के भीतर स्पीड पोस्ट नहीं पहुंचती है, तो ग्राहक को पोस्टेज शुल्क का पूरा रिफंड मिलेगा।
नई 24 Speed Post और 24 Speed Post Parcel सेवा की शुरुआत फिलहाल दिल्ली, मुंबई, चेन्नई, कोलकाता, बेंगलुरु और हैदराबाद के बीच की गई है। इन शहरों के बीच भेजे गए दस्तावेज और पार्सल अगले कार्य दिवस तक पहुंचाने का लक्ष्य तय किया गया है। वहीं 48 Speed Post सेवा के तहत दो कार्य दिवस में डिलीवरी सुनिश्चित की जाएगी। भविष्य में इस सुविधा का विस्तार टियर-1 और टियर-2 शहरों तक करने की योजना है।
इंडिया पोस्ट ने दस्तावेज और पार्सल की श्रेणियां भी स्पष्ट कर दी हैं। आधार कार्ड, पैन कार्ड, पासपोर्ट, वोटर आईडी, ड्राइविंग लाइसेंस, बैंक पासबुक, चेकबुक, बैंक स्टेटमेंट, क्रेडिट-डेबिट कार्ड और बीमा संबंधी दस्तावेज दस्तावेज श्रेणी में शामिल किए गए हैं। रक्षाबंधन के अवसर पर 500 ग्राम तक के गैर-व्यावसायिक राखी लिफाफे, ग्रीटिंग कार्ड और छोटे पैकेट भी इसी श्रेणी में रखे जाएंगे। वहीं मोबाइल फोन, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, कपड़े, गिफ्ट आइटम और अन्य सामान पार्सल श्रेणी में आएंगे।
नई दरों के अनुसार 50 ग्राम तक के लोकल स्पीड पोस्ट का शुल्क 38 रुपये और अन्य शहरों के लिए 94 रुपये निर्धारित किया गया है। 51 से 250 ग्राम तक के लिए 118 से 154 रुपये, जबकि 251 से 500 ग्राम तक के लिए 140 से 186 रुपये शुल्क तय किया गया है। इन सभी दरों पर जीएसटी अलग से लागू होगा। 48 Speed Post का शुल्क 61 से 121 रुपये तक रहेगा, जबकि अनुबंधित ग्राहकों के लिए विशेष रियायती दरें भी लागू होंगी।
24 घंटे वाली पार्सल सेवा में 500 ग्राम तक के पार्सल की शुरुआती कीमत 200 रुपये होगी, जबकि 5 किलोग्राम तक के पार्सल के लिए दूरी के आधार पर शुल्क 990 रुपये तक जा सकता है।
नई सेवा में ग्राहकों को OTP आधारित सुरक्षित डिलीवरी, रियल-टाइम ट्रैकिंग, SMS अलर्ट, प्राथमिकता के आधार पर एयर ट्रांसपोर्ट और सुरक्षित पैकेजिंग जैसी आधुनिक सुविधाएं भी मिलेंगी। इसके अलावा राष्ट्रीय अवकाश को छोड़कर रविवार और अन्य छुट्टियों में भी डिलीवरी की सुविधा उपलब्ध रहेगी।
इंडिया पोस्ट के अनुसार, इस नई व्यवस्था का उद्देश्य डिलीवरी समय कम करना, ग्राहकों का भरोसा बढ़ाना और स्पीड पोस्ट सेवा को अधिक प्रतिस्पर्धी बनाना है। ग्राहक अधिक जानकारी के लिए 1800 266 6868 हेल्पलाइन या अपने नजदीकी डाकघर से संपर्क कर सकते हैं।













