वाराणसी। 24 साल पुराने बहुचर्चित टकसाल सिनेमा फायरिंग कांड में एमपी-एमएलए कोर्ट ने बड़ा फैसला सुनाते हुए सभी आरोपियों को बरी कर दिया। इस फैसले से पूर्व सांसद धनंजय सिंह को बड़ा झटका लगा है।
विशेष न्यायाधीश की अदालत ने अभय सिंह और मिर्जापुर के एमएलसी विनीत सिंह समेत सभी 6 आरोपियों को दोषमुक्त कर दिया। इससे पहले 13 अप्रैल को अदालत ने सुनवाई पूरी कर फैसला सुरक्षित रख लिया था।
फैसले को देखते हुए कोर्ट परिसर और आसपास के इलाकों में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। मौके पर 2 आईपीएस, 3 एसीपी समेत 350 से अधिक पुलिसकर्मी तैनात किए गए थे, साथ ही पीएसी बल भी लगाया गया था।
फैसले से एक दिन पहले धनंजय सिंह ने काशी विश्वनाथ मंदिर और कालभैरव मंदिर में दर्शन-पूजन कर न्याय की उम्मीद जताई थी।
क्या है मामला?
घटना 4 अक्टूबर 2002 की है, जब धनंजय सिंह अपने साथियों के साथ वाराणसी से जौनपुर जा रहे थे। आरोप था कि कैंट थाना क्षेत्र के नदेसर स्थित टकसाल सिनेमा हॉल के पास बोलेरो सवार आरोपियों ने काफिले पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी, जिसमें धनंजय सिंह, उनके गनर और चालक समेत कई लोग घायल हो गए थे।
मामले में धनंजय सिंह ने अभय सिंह, विनीत सिंह समेत अन्य आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। इससे पहले गैंगस्टर एक्ट के मामले में भी 29 अगस्त 2025 को सभी आरोपियों को बरी कर दिया गया था। अब फायरिंग केस में भी अदालत ने सभी को दोषमुक्त कर दिया है।













